फरसगांव | उरंदाबेड़ा सीएएफ कैंप में जवान ने सर्विस रायफल से की आत्महत्या, जांच के निर्देश

Spread the love

फरसगांव:- फरसगांव अनुविभाग के उरंदाबेड़ा स्थित सीएएफ कैंप में पदस्थ एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप सहित पूरे पुलिस एवं सुरक्षा महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएएफ जवान जोगेंद्र नेताम ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सर्विस रायफल से स्वयं को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही कैंप में अफरा-तफरी मच गई और अन्य जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद घायल जवान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा मर्च्युरी पहुंचे और मृतक जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुरंदेश्वर थाना प्रभारी को घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला निजी कारणों से तनाव में आकर आत्महत्या करने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *