केशकाल:- केशकाल विधानसभा के बडेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पलना में पिछले दो दिनों से बिजली सप्लाई ठप होने के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नाराज ग्रामीणों ने विश्रामपुरी से माकड़ी जाने वाले मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है और बीते दो घंटों से सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एक ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल गिर गया था, जिसके बाद से पूरे गांव की बिजली सप्लाई बाधित हो गई। हैरानी की बात यह है कि घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग द्वारा न तो गिरे हुए पोल को हटाया गया और न ही आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले से ही लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई थी, जिससे लोग परेशान थे और फसलें भी प्रभावित हो रही थीं। अब लगातार दो दिनों से पूरी तरह बिजली बंद हो जाने से हालात और गंभीर हो गए हैं। किसानों को अपनी फसलों के बर्बाद होने का डर सता रहा है। बिजली विभाग की इस उदासीनता के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा है। उनका कहना है कि जब तक बिजली सप्लाई बहाल नहीं होती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नजर नहीं आई है।
