Chhattisgarh | President Murmu in Bastar on October 23!
रायपुर, 21 अक्टूबर 2026। बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक आयोजन के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान वे सिरहासार भवन में आयोजित पारंपरिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इसके साथ ही लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को भी संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के लिए प्रशासन सुरक्षा से लेकर यातायात और आम लोगों की सुविधाओं तक की व्यवस्था में जुटा है।
वन मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा
वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा, सुरक्षा इंतजाम और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति का मुरिया दरबार में शामिल होना बस्तर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब सभी की नजर 23 अक्टूबर को होने वाले इस दौरे और कार्यक्रमों पर रहेगी।
