Ola Electric Chhattisgarh | Notice to Ola Electric, registration of 3,000 vehicles stuck!
रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में ओला इलेक्ट्रिक के वाहनों के पंजीयन और सब्सिडी को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई है। प्रदेश में कंपनी के करीब 3,000 वाहनों का पंजीयन लंबित है। इसके अलावा कई इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए सरकारी सब्सिडी के आवेदन भी जमा नहीं किए गए हैं। इस लापरवाही पर विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
वाहन मालिकों को हो रही परेशानी
परिवहन विभाग के मुताबिक, पंजीयन और सब्सिडी से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होने के कारण पात्र वाहन मालिकों को सरकारी योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो रही है। विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी से लंबित मामलों पर स्पष्टीकरण मांगा है।
जवाब नहीं मिला तो होगी कार्रवाई
परिवहन आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी को निर्धारित समय-सीमा में अपना पक्ष रखने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वाहन पंजीयन और सब्सिडी से जुड़े नियमों का समय पर पालन करना जरूरी है।
अगर कंपनी का जवाब संतोषजनक नहीं मिलता या नियमों का उल्लंघन साबित होता है, तो मोटरयान अधिनियम, 1988 के तहत आगे वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल कंपनी की ओर से जवाब या आगे की कार्रवाई को लेकर कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। अब देखना होगा कि लंबित पंजीयन और सब्सिडी के मामलों का समाधान कब तक होता है।
