Financial Inclusion Campaign 2026 | Want to take advantage of banking schemes? Note the date
रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी बीमा योजनाओं से वंचित लोगों के लिए अच्छी खबर है। केंद्र सरकार 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष वित्तीय समावेशन अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत हर ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय में शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लोगों को बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
इन योजनाओं से जुड़ने का मिलेगा मौका
शिविरों में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत नए बैंक खाते खोले जाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को भी बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा।
खाते की KYC और आधार लिंकिंग भी होगी
अभियान के दौरान निष्क्रिय जनधन खातों को दोबारा चालू करने, बैंक खातों की री-केवाईसी, आधार लिंकिंग और लंबित केंद्रीय केवाईसी पहचान संख्या तैयार करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। बैंक खातों और लॉकर से जुड़ी नॉमिनी की जानकारी अपडेट कराने में भी मदद की जाएगी।
डिजिटल धोखाधड़ी से बचने की जानकारी
शिविरों में नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन, वित्तीय साक्षरता और साइबर ठगी से बचाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। बीमा योजनाओं में नामांकन और खाते से प्रीमियम कटौती के लिए हितग्राही की स्पष्ट सहमति जरूरी होगी।
अभियान जिला प्रशासन और विभिन्न बैंकों के समन्वय से चलाया जाएगा। शिविरों की तारीख और स्थान जिला स्तरीय समिति तय करेगी। पात्र नागरिक अपने ग्राम पंचायत या नगरीय निकाय में लगने वाले शिविर की जानकारी लेकर जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंच सकते हैं।
