Chhattisgarh: Preparations for President Murmu’s visit in full swing, eyes on October 22
रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रपति 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश के प्रवास पर रहेंगी। उनके दौरे के दौरान लोकभवन में व्यवस्थाएं सुचारु रखने के लिए सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
लोकभवन में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की तैयारी
बैठक में लोकभवन परिसर में बैठक व्यवस्था, पार्किंग, बिजली और इंटरनेट की निर्बाध सुविधा सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा प्रबंध और प्रोटोकॉल के अनुसार वाहनों की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों से कहा गया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जनसंपर्क विभाग के संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम रायपुर, सामान्य प्रशासन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की निगरानी की जा रही है। अब आगामी दिनों में कार्यक्रम और व्यवस्थाओं से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
