डिप्टी सीएम अरुण साव ने लोरमी में बहनों के साथ मनाया सपत्नीक तीजा तिहार

Spread the love

मानस मंच में हुआ भव्य आयोजन, हजारों महिलाओं ने लिया हिस्सा; लोकगीतों ने बांधा समां

मुंगेली/लोरमी। क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मानस मंच में क्षेत्र की महतारी-बहनों के साथ पारंपरिक तीजा तिहार प्रेम और स्नेह के साथ मनाया।इस खास मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव की धर्मपत्नी मीना साव भी महिलाओं के इस विशेष कार्यक्रम में मौजूद रही। लोरमी वासियों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने सहभागिता की। महिलाओं ने भाई अरुण साव को स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महादेव की पूजा-अर्चना के साथ हुई। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक क्षेत्र की बहनों के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा की और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री साव ने सभी बहनों का प्रणाम कर स्वागत किया और कार्यक्रम में आमंत्रण स्वीकार करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोरमी की सभी बहनों के घर धन-धान्य, सुख और समृद्धि से भरे रहें। उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों और परिवार में सदैव खुशहाली बनी रहे।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का पर्व है तीजा

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर माताएं और बहनें पति की लंबी उम्र की कामना के लिए मायके में निर्जला व्रत रखती हैं। मायके में उन्हें भाइयों का स्नेह मिलता है और बचपन की सहेलियों से मुलाकात के साथ पुरानी यादें भी ताजा होती हैं।

उन्होंने कहा कि तीजा तिहार अपनापन, प्रेम और पारिवारिक जुड़ाव का पर्व है। लोरमी के सभी भाइयों ने मिलकर क्षेत्र की बहनों के लिए इस आयोजन की पहल की है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया।

-लोकगीतों ने बांधा समां

तीजा तिहार के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रदेश की प्रसिद्ध लोकगायिका गरिमा दिवाकर, स्वर्णा दिवाकर एवं उनकी अंजोर टीम ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। छत्तीसगढ़ी लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दिया।

‘तीजा पोरा आगे भाग हमर खुलगे’ और ‘तरी हरि नाना’ जैसे लोकगीतों ने उपस्थित महिलाओं का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के स्नेह की जीवंत झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष वर्षा विक्रम सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *