Chhattisgarh | बारिश से फसल खराब हुई तो किसानों को मिलेगा मुआवजा!

Spread the love

Chhattisgarh: Farmers will receive compensation if their crops are damaged due to rain.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवात अकवान के असर से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। खेतों में खड़ी धान और रबी की फसलों को नुकसान की आशंका के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को फसल नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। बारिश और चक्रवात से जिन किसानों की फसल खराब होगी, उन्हें नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

सीएम साय ने स्पष्ट किया कि प्रभावित किसानों को राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के प्रावधानों या फसल बीमा योजना के तहत पात्रता के अनुसार सहायता राशि दी जाएगी। यानी नुकसान का आकलन होने के बाद किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू होगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने अपने दिल्ली दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जा रही है।

इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं और छत्तीसगढ़ के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

फिलहाल किसानों की नजर प्रशासन के सर्वे पर है। अब देखना होगा कि नुकसान का आकलन कितनी जल्दी पूरा होता है और प्रभावित किसानों तक मुआवजे की राशि कब पहुंचती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *