Chhattisgarh | Investment of Rs 1.06 lakh crore in Chhattisgarh, paving the way for 29 thousand jobs!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को लेकर एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्रदेश को 1 लाख 6 हजार 567 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं के जरिए करीब 29 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
कार्यक्रम में देशभर के लगभग 150 उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। इस बार खास बात यह रही कि निवेशकों ने खनिज, इस्पात और ऊर्जा जैसे पारंपरिक उद्योगों के साथ फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी दिलचस्पी दिखाई।
12 परियोजनाओं से 8 हजार रोजगार की उम्मीद
कुल 21 परियोजनाओं में से 12 फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़ी हैं। इनमें 10,073 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश प्रस्तावित है। इनसे करीब 8 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। यानी कुल संभावित रोजगार का लगभग 27 प्रतिशत इन्हीं क्षेत्रों से आएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार उद्योगों की स्थापना से लेकर उत्पादन शुरू होने तक निवेशकों को हरसंभव सहयोग देगी। इसके लिए वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम और नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं।
सरकार का लक्ष्य निवेश और रोजगार को राजधानी तक सीमित रखने के बजाय प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंचाना है। इसके लिए आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग लगाने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है।
