Chhattisgarh | अरपा को बचाने अब 70 नालों पर बड़ा प्लान

Spread the love

Chhattisgarh: Now a big plan on 70 drains to save Arpa

बिलासपुर। अरपा नदी में पहुंच रहे गंदे पानी को रोकने के लिए अब बड़ा एक्शन प्लान तैयार होगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर नगर निगम के कामकाज की समीक्षा के दौरान शहर के 70 छोटे-बड़े नालों के पानी के उपचार के लिए समग्र कार्ययोजना और विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

हर नाले का होगा आकलन

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि शहर के 70 नाले अरपा नदी में मिलते हैं। प्रमुख सचिव ने कहा कि दूषित पानी को सीधे नदी में जाने से रोकने के लिए लंबे समय का प्रभावी समाधान जरूरी है। हर नाले की स्थिति, पानी की मात्रा और तकनीकी जरूरत का आकलन कर उपचार की व्यवस्था तैयार की जाएगी।

डीपीआर में तकनीकी व्यवहार्यता, भविष्य की जरूरत और पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को भी शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। साफ तौर पर कहा गया कि सतही जल स्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाए।

542 कामों की भी समीक्षा

बैठक में शहर की सफाई, यातायात, प्रधानमंत्री आवास योजना और दूसरे विकास कार्यों की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों के मुताबिक नगरीय अधोसंरचना मद में 542 काम स्वीकृत हैं। इनमें 334 पूरे हो चुके हैं, जबकि 182 काम चल रहे हैं और 26 अभी शुरू नहीं हुए हैं।

प्रमुख सचिव ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और सभी काम तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कमांड सेंटर भी देखा

बैठक के बाद सोनमणि बोरा ने तारबाहर स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने आईटीएमएस की कार्यप्रणाली देखी और शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *