Chhattisgarh: New hostels will open for OBC students, farmers will also benefit!
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पिछड़ा वर्ग के विकास के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ अब अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष आर.एस. विश्वकर्मा ने बुधवार को जिला मुख्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में हुई बैठक में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, उद्यानिकी और स्वरोजगार समेत कई विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई।
किसानों और ग्रामीणों की आय बढ़ाने पर फोकस
विश्वकर्मा ने किसानों को दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और ऑयल पाम के साथ आम, जामुन, लीची, पपीता व केला जैसी फसलों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। डेयरी, मत्स्य पालन और लघु वनोपज के प्रसंस्करण से ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर भी जोर दिया।
OBC विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल का प्रस्ताव
शिक्षा विभाग को अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास खोलने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। स्कूलों और छात्रावासों के रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में पेयजल, स्वास्थ्य, पोषण, पेंशन और आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा हुई। अध्यक्ष ने स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और गांवों में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण सुनिश्चित करने को कहा।
OBC सर्वेक्षण में तेजी के निर्देश
विश्वकर्मा ने पिछड़ा वर्ग सर्वेक्षण के आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि तेजी से और सही तरीके से पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि इन आंकड़ों से पिछड़ा वर्ग की वास्तविक स्थिति समझने और जरूरत के मुताबिक योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।
