Chhattisgarh: Chhattisgarh’s new preparations for the future of children, a special framework will be created!
रायपुर। बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ देश में अपनी तरह का पहला बाल कल्याण फ्रेमवर्क तैयार कर रहा है। राज्य नीति आयोग और यूनिसेफ की संयुक्त पहल से बनने वाले इस फ्रेमवर्क में खासतौर पर बस्तर और सरगुजा के बच्चों की जरूरतों पर ध्यान दिया जाएगा।
बुधवार को नवा रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें यूनिसेफ के वैश्विक और राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ शासन के 12 से अधिक विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के करीब 97 लाख बच्चे ही वर्ष 2047 में छत्तीसगढ़ के भविष्य की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसलिए उनके स्वास्थ्य, पोषण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर आज निवेश करना जरूरी है।
दो सूचकांकों से तय होगी बच्चों की स्थिति
प्रस्तावित फ्रेमवर्क में दो प्रमुख सूचकांक शामिल होंगे। पहला आउटकम इंडेक्स, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की वास्तविक स्थिति का आकलन होगा। दूसरा अटेनमेंट इंडेक्स, जिससे पता चलेगा कि बच्चों तक जरूरी सरकारी सेवाएं पहुंच रही हैं या नहीं।
इस व्यवस्था से यह भी पहचान होगी कि कौन से बच्चे योजनाओं से वंचित हैं और किन क्षेत्रों को अधिक संसाधनों की जरूरत है। पहले इसे एक जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा। इसके बाद पूरे प्रदेश में लागू करने की योजना है।
योजना का उद्देश्य विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना और बच्चों के लिए तय बजट का सही जगह इस्तेमाल सुनिश्चित करना है।
