Chhattisgarh: Jaskaran failed to win the match despite scoring 5 goals, the match turned in the last minute!
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बैलाडीला बुल्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबला आखिरी मिनट तक रोमांच से भरा रहा। बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने अकेले पांच गोल दागे, लेकिन टीम जीत से चूक गई। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मैच खत्म होने से दो मिनट पहले गोल कर मुकाबला 5-5 से ड्रॉ करा दिया और टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल किया।
मैच के पहले हाफ में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने बेहतर खेल दिखाया। आर्यन खेस और आशीष तानी पूर्ति के गोल से टीम ने मजबूत शुरुआत की। लेकिन दूसरे हाफ में बैलाडीला बुल्स के जसकरण सिंह ने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल किए और अपनी हैट्रिक पूरी की।
इसके बाद भी जसकरण का हमला जारी रहा। मैच के अंतिम पांच मिनट में स्कोर 4-4 था, तभी उन्होंने शानदार टॉमहॉक शॉट लगाकर अपना पांचवां गोल किया और बैलाडीला बुल्स को 5-4 की बढ़त दिला दी।
लेकिन संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने आखिरी समय तक हार नहीं मानी। मैच समाप्त होने से महज दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम ने स्कोर बराबर कर दिया। आखिरकार मुकाबला 5-5 पर समाप्त हुआ।
पांच गोल करने वाले जसकरण सिंह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। ड्रॉ के बाद बैलाडीला बुल्स दो अंकों के साथ अंकतालिका में चौथे और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स एक अंक के साथ पांचवें स्थान पर है। दोनों टीमों को अब भी टूर्नामेंट में पहली जीत का इंतजार है।
