Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का तीन दिवसीय आंदोलन शुरू

Spread the love

Chhattisgarh: Anganwadi workers begin three-day protest in Chhattisgarh

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। प्रदेशभर में 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कहीं नुक्कड़ नाटक होगा, तो कहीं थाली-चम्मच बजाकर विरोध जताया जाएगा। आंदोलन के आखिरी दिन काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर कार्यकर्ता काला दिवस मनाएंगी।

तीन दिन, विरोध के तीन तरीके

आंदोलन के पहले दिन 17 नवंबर को कार्यकर्ता नुक्कड़ नाटक के जरिए अपनी मांगें उठाएंगी। 18 नवंबर को थाली-चम्मच बजाकर सरकार का ध्यान खींचेंगी। वहीं, 19 नवंबर को काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

नियमितीकरण और 30 हजार मानदेय की मांग

कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित कर शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और मासिक मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। इसके अलावा 5G मोबाइल, इंटरनेट भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये करने और पदोन्नति देने की मांग भी शामिल है।

दिसंबर में बड़े आंदोलन की चेतावनी

आंदोलनकारियों ने साफ किया है कि तीन दिन के प्रदर्शन के बाद भी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ, तो 11 और 12 दिसंबर को प्रांतीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

अब देखना होगा कि तीन दिन के इस विरोध के बाद सरकार उनकी मांगों पर क्या कदम उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *