Chhattisgarh Hockey League: Upset, Champions suffer first defeat!
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मैनपाट टाइटंस ने बड़ा उलटफेर करते हुए चक्रधर चैंपियंस को 3-1 से हरा दिया। इस हार के साथ चैंपियंस का जीत का सिलसिला थम गया, जबकि मैनपाट टाइटंस अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
मैच का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दोनों टीमें एक-दूसरे की रणनीति समझने में जुटी रहीं और शुरुआती 15 मिनट में कोई गोल नहीं हुआ।
दूसरे क्वार्टर में युवराज वाल्मीकि ने गोल कर चक्रधर चैंपियंस को बढ़त दिलाई। हालांकि, मैनपाट के संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया।
इसके बाद मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने दबाव बढ़ाया। साहिल जाक्सा ने आनंद लकड़ा के स्कूप पर गेंद को डिफ्लेक्ट कर गोल में पहुंचाया और टीम को बढ़त दिला दी। मैच के दौरान संदीप ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना दूसरा गोल किया और मैनपाट की जीत पक्की कर दी।
मैनपाट की रणनीति के सामने चक्रधर चैंपियंस की टीम वापसी नहीं कर सकी। खासकर मिडफील्ड में सुनील को लगातार घेरकर रखने से चैंपियंस के आक्रमण पर असर पड़ा।
पहले मैच में 5-5 से ड्रॉ
दिन के पहले मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स के बीच मैच 5-5 से बराबर रहा। बैलाडीला के जसकरण सिंह ने अकेले पांच गोल किए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। ड्रॉ के साथ संस्कारधानी ने लीग में अपना पहला अंक हासिल किया।
