Chhattisgarh | How many candidates appeared for the teacher recruitment exam on the first day?
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के 1812 संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में अच्छा उत्साह देखने को मिला। 31 अक्टूबर को हुई कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा 4 नवंबर तक चलेगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, पहले दिन 10 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 7,025 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,177 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। विषयवार आंकड़ों में शिक्षक गणित के अभ्यर्थियों की उपस्थिति सबसे ज्यादा 90.25 प्रतिशत रही। वहीं व्याख्याता अर्थशास्त्र में सबसे कम 63.64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
इस भर्ती के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 34,514 को प्रवेश पत्र जारी किए गए। आवेदकों में 20,779 महिलाएं और 13,825 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा 332 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने पहली बार इस भर्ती परीक्षा को कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित किया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बताया। उनका कहना है कि कंप्यूटर से उत्तरों का मूल्यांकन होने पर परिणाम कम समय में तैयार हो सकेंगे।
डिजिटल रिकॉर्ड, उत्तर कुंजी और ऑडिट ट्रेल की व्यवस्था से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा के आगामी दिनों और परिणाम पर रहेगी।
