Chhattisgarh: Fierce fight for the post of President in Youth Congress
भिलाई. भिलाई युवा कांग्रेस की राजनीति इन दिनों पूरी तरह गरमा गई है। अध्यक्ष की एक कुर्सी के लिए 35 से ज्यादा युवा नेता मैदान में उतर चुके हैं। रायपुर के राजीव भवन में दो दिन तक इंटरव्यू चला और अब संगठन में अंदरखाने जोड़-तोड़ और लॉबिंग तेज हो गई है।
सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व CM भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के समर्थकों को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि इस बार भूपेश कैंप के किसी युवा चेहरे को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि देवेंद्र यादव खेमे के नेता भी पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे।
इंटरव्यू में दावेदार सिर्फ बातें करने नहीं पहुंचे थे, बल्कि अपने आंदोलन, धरना, प्रदर्शन और नेताओं के साथ फोटो-वीडियो तक लेकर पहुंचे। कई नेताओं ने दिल्ली प्रदर्शन की तस्वीरें दिखाकर अपनी “एक्टिव राजनीति” साबित करने की कोशिश की।
युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर इस बार नियम भी काफी सख्त रखे गए हैं। 29 मई से नामांकन शुरू होगा और 10 जून से सदस्यता व वोटिंग प्रक्रिया चलेगी। चुनाव लड़ने वालों की उम्र 18 से 35 साल तय की गई है।
खास बात ये है कि आवेदन के साथ लाइव फोटो, वोटर ID और 8 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा। संगठन ने “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम भी लागू कर दिया है।
अब भिलाई कांग्रेस में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर युवा कांग्रेस की कमान किस खेमे के हाथ जाएगी।
