Chhattisgarh | दिल्ली में छत्तीसगढ़ की पहल की चर्चा, जानिए किस बात को मिली तारीफ

Spread the love

Chhattisgarh | Chhattisgarh’s initiative discussed in Delhi, know what received praise

रायपुर। बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को लेकर छत्तीसगढ़ में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। नई दिल्ली में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग के राष्ट्रीय सम्मेलन-सह-चिंतन शिविर में राज्य की दो प्रमुख पहलों ने ध्यान खींचा।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने 8 अक्टूबर को सुषमा स्वराज भवन में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। इसमें देशभर के महिला एवं बाल विकास मंत्री, विभागीय सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। सम्मेलन में आंगनबाड़ी सेवाओं में सुधार, मिशन वात्सल्य, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

‘वजन त्यौहार’ को मिली सराहना

सम्मेलन के पहले सत्र में छत्तीसगढ़ के ‘वजन त्यौहार’ की खास तौर पर सराहना की गई। इस पहल के जरिए बच्चों का वजन और पोषण स्तर जांचने के साथ परिवारों और समुदाय को जागरूक किया जाता है। बच्चों की नियमित वृद्धि पर नजर रखने और कुपोषण कम करने के प्रयासों में जनभागीदारी को भी महत्व दिया जा रहा है।

बाल गृहों के आहार प्लान की भी चर्चा

राज्य में बाल गृहों में रहने वाले बच्चों के लिए तैयार स्वास्थ्य प्लान और साप्ताहिक आहार चार्ट को भी सराहा गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बच्चों की पोषण संबंधी जरूरतों के अनुसार उनकी देखभाल को बेहतर बनाना है।

सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दूसरे दिन, 9 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने का कार्यक्रम बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *