Chhattisgarh Congress Reshuffle | Organizational reshuffle in Chhattisgarh Congress
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में एक बार फिर बदलाव किया गया है। पार्टी ने प्रदेश के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नए चेहरों को जगह दी है। इस बदलाव में विजय जांगिड और संपत कुमार को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है, जबकि जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को नए प्रभारी सचिव बनाया गया है।
जरिता लैतफलांग को भी छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी से हटाकर नॉर्थ ईस्ट राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यानी प्रदेश संगठन में अब नए प्रभारी सचिवों की टीम काम करेगी।
इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के नेताओं को दूसरे राज्यों में भी अहम जिम्मेदारी मिली है। कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं, नरेश ठाकुर को गुजरात PCC की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के देवेंद्र यादव को गुजरात PCC के प्रभारी सचिव पद से हटा दिया गया है।
कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव को प्रदेश में नई टीम के साथ काम शुरू करने और दूसरे राज्यों में भी छत्तीसगढ़ के नेताओं को जिम्मेदारी देने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस फेरबदल के पीछे पार्टी का आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।




