Chhattisgarh Weather Alert | The impact of the cyclonic storm reached Chhattisgarh.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। गुरुवार रात करीब 11 बजे राजधानी रायपुर में अचानक मौसम बदला। ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे शहर में ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह रायपुर समेत प्रदेश के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट वाले जिलों में रायपुर के अलावा बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चक्रवाती तूफान आज दोपहर उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के बीच तट पार कर सकता है। गोपालपुर के पास लैंडफॉल की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर तक पहुंच सकती है।
तूफान के असर से छत्तीसगढ़ में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश और एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है।
तापमान की बात करें तो 19 नवंबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 और न्यूनतम 15.9 डिग्री दर्ज किया गया। अंबिकापुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। दुर्ग में सबसे अधिक 30 डिग्री तापमान रहा।
