Chhattisgarh | Now the world will see the power of Chhattisgarh’s hockey stars!
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को बड़ा मंच मिलने जा रहा है। जियोहॉटस्टार इस लीग का आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर बन गया है। अब रायपुर के मैदान पर होने वाले मुकाबले घर बैठे भी देखे जा सकेंगे। लीग के सभी 18 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रोजाना शाम 5:30 बजे से होगी।
छह शहरों की टीमें दिखाएंगी दम
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में राज्य के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल 1 नवंबर को खेला जाएगा।
इस लीग में ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी नजर आएंगे। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के प्रमुख खिलाड़ियों के रूप में मैदान पर उतरेंगे।
महिला हॉकी को भी मिलेगा मंच
टूर्नामेंट के पहले दिन महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। आयोजन का मकसद राज्य में हॉकी का माहौल मजबूत करना और उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर देना है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि लाइव स्ट्रीमिंग से लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिलेगी। उन्होंने इसे राज्य के खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन के साथ होने वाली इस लीग के मुकाबले हिंदी और छत्तीसगढ़ी में भी उपलब्ध होंगे।
