Chhattisgarh | Vijay Sharma’s Chaupal in the forest area of Kabirdham, housing for 427 families!
कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के वनांचल गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई विकास कार्यों की घोषणा की। अंधरीकछार, बोरिया और महली में उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर चौपाल लगाई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के कामों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
तीन गांवों में 427 आवास स्वीकृत
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अंधरीकछार में 163, बोरिया में 128 और अचानकपुर में 136 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं। कुल 427 आवासों का निर्माण समय पर पूरा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने साफ कहा कि योजना में गड़बड़ी या लापरवाही की शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
सड़क, पुलिया और भवनों की सौगात
अंधरीकछार में सीसी सड़क, धरसा मार्ग, महामाया मंदिर और मंच निर्माण सहित कई कार्यों की घोषणा की गई। बोरिया में 10 लाख रुपये से खाद गोदाम, सीसी सड़क और महादेव मंदिर के पास मंच निर्माण की घोषणा हुई।
महली में सामुदायिक भवनों के लिए 10-10 लाख रुपये, सीसी सड़क के लिए 5.60 लाख और पुलिया निर्माण के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा की गई। कापा और सिरमी में भी सामुदायिक भवन तथा सड़क निर्माण के काम प्रस्तावित किए गए।
गन्ना किसानों को लाभांश की उम्मीद
विजय शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने गन्ने का मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भोरमदेव शक्कर कारखाने के वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रदर्शन के बाद पहली बार गन्ना किसानों को कारखाने से लाभांश मिलने जा रहा है।
दौरे के दौरान उन्होंने बोरिया में मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना भी की।
