PM Modi Birthday | Chaos in Jagdalpur before Deepotsav on PM Modi’s birthday
जगदलपुर. जगदलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित दीपोत्सव से पहले ही बवाल हो गया। मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ा कि नारेबाजी और धक्का-मुक्की के बाद जूते-चप्पल तक चल गए।
विवाद की शुरुआत दुकानों को बंद कराने और श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर कांग्रेस के विरोध से हुई। इसी दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा मौके पर पहुंचे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उनकी बहस हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया गया कि करीब 40-45 मिनट तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले को लेकर दोनों दलों की ओर से अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।
प्रदेश में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत करीब 40 लाख दीये जलाने की तैयारी है। रायपुर में शाम 7 बजे मरीन ड्राइव समेत शहर के अलग-अलग हिस्सों में 25 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम है। बड़े आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था जारी की है।
बिलासपुर में भी 10 लाख दीये जलाने का कार्यक्रम रखा गया है। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने इस आयोजन को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं और अलग-अलग जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बात कही है।
