Raipur Court Attack | Sensation in the court premises, brother attacks brother with deadly weapons
रायपुर. रायपुर जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक भाई ने अपने ही भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। कोर्ट परिसर के अंदर हुई इस वारदात से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई किसी मामले की पेशी के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोर्ट परिसर को कुछ देर के लिए सुरक्षा घेरे में लिया गया और घटनास्थल का मुआयना किया गया। पुलिस हमले की वजह और दोनों भाइयों के बीच विवाद की जांच में जुट गई है।
कोर्ट जैसी हाई सिक्योरिटी जगह पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
