नीरज उपाध्याय/कोंडागांव :- पुलिस द्वारा पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से थाना उरंदाबेड़ा क्षेत्र के अंतिम गांव ग्राम पंचायत भोगापाल में सहयोग चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, पटेल, गायता, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस फरसगांव, थाना प्रभारी उरंदाबेड़ा एवं थाना प्रभारी बड़ेडोंगर ने सहयोग चौपाल के उद्देश्य और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अधिकारियों ने कहा कि सहयोग चौपाल के माध्यम से पुलिस सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने, समाधान करने तथा पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने का प्रयास कर रही है। इस दौरान साइबर अपराध, बाल अपराध, यातायात नियमों तथा बाल विवाह जैसे सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत जानकारी देकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि थाना प्रभारी बड़ेडोंगर ने स्थानीय हल्बी भाषा में संवाद कर ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी और सामाजिक विषयों की जानकारी दी, जिससे लोगों ने विषयों को सहजता से समझा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों एवं ग्राम प्रमुखों ने सामूहिक भोज में सहभागिता कर आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को और मजबूत किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद का सकारात्मक प्रयास बताया।
