Chhattisgarh | बीजापुर में नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता, 24 इनामी नक्सलीयों ने किया आत्मसमर्पण

Chhattisgarh | A big success on the Naxal front in Bijapur, 24 rewarded Naxalites surrendered
बीजापुर, 23 मई 2025। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता सामने आई है। बुधवार को अबूझमाड़ जंगल में हुए भीषण मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली चीफ बशव राजू समेत 27 नक्सलियों के मारे जाने के बाद आज 24 इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। ये सभी नक्सली बीजापुर की अलग-अलग एरिया कमेटियों से जुड़े थे और पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बने हुए थे।
एसपी ऑफिस पहुंचकर किया सरेंडर
समर्पण करने वाले नक्सली शुक्रवार को बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव के कार्यालय पहुंचे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस प्रशासन भी चौंक गया। एसपी यादव ने तत्काल मीडिया को बुलाया और सभी 24 नक्सलियों को जनता के सामने पेश किया।
87.5 लाख के इनामी नक्सली
इन 24 नक्सलियों पर कुल मिलाकर ₹87.5 लाख का इनाम घोषित था। इनमें डिप्टी कमांडर राकेश भी शामिल है, जो बस्तर में हुई कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। राकेश पर ₹10 लाख का इनाम घोषित था। समर्पण करने वाले सभी नक्सली लंबे समय से नक्सल गतिविधियों में सक्रिय थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे बासिंग
इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को अबूझमाड़ के बासिंग पहुंचे, जहां उन्होंने बशव राजू को मार गिराने वाले DRG जवानों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने शहीद जवान के परिजनों से भी भेंट की और उनके योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने जवानों को तिलक लगाकर उनका अभिनंदन और हौसला अफजाई की। इसके बाद 50 मोटरसाइकिलों के काफिले को पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया।
बासिंग कैंप से मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर बासिंग सुरक्षा कैंप से विकास कार्यों की कई घोषणाएं भी कीं:
₹20 लाख – ग्राम मुरहापदर में पुलिया निर्माण
₹10 लाख – बासिंग हेतु खेल मैदान की स्वीकृति
₹10 लाख – बासिंग में बालक आश्रम और शाला मरम्मत
₹24 लाख – मुरहापदर और एहनार में नवीन आंगनबाड़ी भवन
₹25 लाख – ग्राम बासिंग में हाट बाजार से बस्ती तक सीसी सड़क
₹15 लाख – ग्राम कुंदला, बासिंग और मुरहापदर में नवीन घोटुल
इस समर्पण और विकास कार्यों की श्रृंखला से यह स्पष्ट है कि सरकार अब आंतरिक सुरक्षा और जनविकास दोनों को लेकर दृढ़ और सक्रिय रवैया अपना रही है।