Raipur Congress Protest | 17 घंटे से थाने के बाहर कांग्रेस का डेरा

Spread the love

Raipur Congress Protest | Congress camp outside the police station for 17 hours

रायपुर। भाजपा-कांग्रेस बवाल के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रायपुर के खम्हारडीह थाने के बाहर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 17 घंटे से ज्यादा समय से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।

कांग्रेस के 12 नेताओं और कई कार्यकर्ताओं पर गैर-जमानती धाराओं में FIR दर्ज होने के बाद देर रात थाने के बाहर टेंट लगाया गया। दरी, कालीन और गद्दे बिछाकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

दीपक बैज की मांग है कि भाजपा के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज की जाए। उनका आरोप है कि कांग्रेस कार्यालय पर हुए पथराव के लिए भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को उकसाया था।

बैज ने साफ कहा कि जब तक काउंटर FIR दर्ज नहीं होती, धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्थर और दूसरी चीजें भाजपा की ओर से फेंकी गईं, लेकिन FIR कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज कर दी गई।

वहीं ACP पूर्णिमा लामा ने कहा कि कांग्रेस की ओर से आवेदन मिला है। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच बातचीत जारी है।

दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ उनकी लड़ाई आर-पार की है और FIR से कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज की जांच कर सच्चाई सामने आनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *