कोंडागांव | एकलव्य विद्यालय विवाद पर प्रशासन का बड़ा खुलासा, कलेक्टर ने दस्तावेजों के साथ रखा अपना पक्ष….

Spread the love

नीरज उपाध्याय/कोंडागांव:– एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय श्यामपुर (माकड़ी) में पिछले एक महीने से जारी विवाद के बीच रविवार को जिला मुख्यालय में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिला प्रशासन ने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्रावास में राशन की गुणवत्ता, बालिका शौचालय के सामने सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने और शिक्षिका प्रियंका परिहार के विरुद्ध हुई कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवालों पर दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखा। कलेक्टर ने पूरे घटनाक्रम की समयबद्ध जानकारी देते हुए अब तक की जांच, संबंधित अधिकारियों पर की गई कार्रवाई और आगे की प्रक्रिया से मीडिया को अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय से जुड़े मामलों में प्रशासन ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच और सुधार की कार्रवाई की है।

कलेक्टर ने बताया कि विद्यालय के शैक्षणिक परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2025 में परीक्षा परिणाम 50 प्रतिशत था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 100 प्रतिशत हो गया। विद्यालय वर्तमान में अस्थायी भवन में संचालित है, जबकि नए भवन के लिए श्यामपुर में भूमि आवंटित की गई है और भारत सरकार की ओर से 40 करोड़ रुपये का बजट आवंटित होने की जानकारी दी गई। छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर 2 नवंबर को गठित समिति ने 3 नवंबर को निरीक्षण किया, जिसमें राशन में कीड़े, कन्या छात्रावास में गंदगी, टूटे दरवाजे, पानी की टंकी में ढक्कन नहीं होना तथा बालक छात्रावास में सीलन, पानी का रिसाव और अन्य कमियां सामने आईं। जांच के बाद 5 नवंबर को तत्कालीन प्राचार्य चंद्रकिरण तिवारी को पद से हटाया गया, बालक छात्रावास अधीक्षक राजवीर यादव की सेवा समाप्त की गई तथा कन्या छात्रावास अधीक्षिका के विरुद्ध भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। सीसीटीवी मामले में तकनीकी विशेषज्ञों और पालक प्रतिनिधियों की भागीदारी से गठित जांच समिति ने पाया कि बालिका शौचालय के सामने लगाया गया कैमरा कभी चालू नहीं हुआ था और छात्राओं की आपत्ति के बाद अगले ही दिन उसे दूसरी दीवार पर स्थानांतरित कर दिया गया था। प्रशासन के अनुसार कैमरे से कोई रिकॉर्डिंग या फुटेज एक्सेस नहीं की गई। जांच में संबंधित इलेक्ट्रिशियन का बयान और भौतिक सत्यापन भी शामिल रहा।

शिक्षिका प्रियंका परिहार के विरुद्ध हुई कार्रवाई पर कलेक्टर ने बताया कि अगस्त 2025 में शिक्षकों की शिकायतों के आधार पर छह सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। जांच में बिना अनुमति वीडियो बनाने, शिक्षकों से विवाद और विद्यालय के शैक्षणिक माहौल को प्रभावित करने संबंधी शिकायतें सामने आई थीं। कलेक्टर ने बताया कि 14 अक्टूबर को राज्य कार्यालय के आदेश से उन्हें जगदलपुर स्थित परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में संलग्न किया गया था तथा 15 अक्टूबर को विद्यालय से भारमुक्त किया गया, इसके बावजूद 15 से 27 अक्टूबर तक कोण्डागांव विद्यालय की उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर किए जाने की जानकारी मिली। 28 अक्टूबर को जगदलपुर में ज्वाइनिंग देने के बाद 31 अक्टूबर को उनके कोण्डागांव पहुंचने पर प्रशासन ने उन्हें पक्ष रखने का अवसर दिया और समिति की रिपोर्ट के आधार पर 2 नवंबर को निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन के दौरान मुख्यालय जगदलपुर निर्धारित होने के बावजूद 24 नवंबर को विद्यालय परिसर पहुंचने और अनधिकृत प्रवेश को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद 25 नवंबर को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। कलेक्टर ने इस प्रकरण को न्यायालयीन प्रक्रिया बताते हुए इस पर आगे टिप्पणी करने से इनकार किया।

प्रेसवार्ता में राशन खरीदी, एक्सपायरी सामग्री, स्टॉक रजिस्टर और कथित फर्जी बिलों को लेकर उठे सवालों पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि एकलव्य विद्यालय की वित्तीय खरीदी और टेंडर प्रक्रिया एनईएसटीएस के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संबंधित प्राचार्य और लेखापाल की जिम्मेदारी है। हालांकि, स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी या फर्जी बिलों की शिकायत प्रमाणित होने पर नए सिरे से समिति गठित कर वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराई जाएगी तथा संबंधित वेंडरों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। प्राचार्य के विरुद्ध निलंबन की अनुशंसा सक्षम अधिकारी को भेजने और शिक्षिका प्रियंका परिहार के विरुद्ध विभागीय जांच जारी होने की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार कर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने पालकों से आगामी बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने और विद्यालय के सुचारू संचालन में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *