केशकाल | अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर टाटामारी में हुआ भव्य योगाभ्यास, प्रकृति संरक्षण का भी दिया संदेश

Spread the love

नीरज उपाध्याय/केशकाल:– अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केशकाल के ईको-पर्यटन स्थल टाटामारी में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वादियों और हरियाली से घिरे टाटामारी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षण एवं अभ्यास का संचालन योग प्रशिक्षक सुनील चौरडिया द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

ईको-पर्यटन स्थल टाटामारी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने योग और पर्यावरण संरक्षण के गहरे संबंध को भी रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण और नियमित योगाभ्यास दोनों ही आवश्यक हैं। उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।

वन विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई थीं, जिसकी सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की। अनुशासित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के कारण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। योग शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य, फिटनेस और प्रकृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह आयोजन न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला रहा, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने वाला एक सार्थक प्रयास भी साबित हुआ।

कार्यक्रम में केशकाल न.पं अध्यक्ष बिहारीलाल शोरी, भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पीलाबाई जैन, राजकिशोर राठी, वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम, एसडीएम आकांक्षा नायक, एसडीओ सुषमा नेताम, तहसीलदार गणेश सिदार सहित स्थानीय नगरवासी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *