Chhattisgarh: Bulls battle it out amid rain, semi-final hopes alive!
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बारिश के बीच बैलाडिला बुल्स ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। बुधवार को खेले गए मुकाबले में बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराया। इस जीत से बुल्स की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनी हुई है, जबकि बिना जीत के रॉयल्स का सफर खत्म हो गया।
राहुल यादव का गोल बना जीत की वजह
बारिश के कारण करीब एक घंटे देरी से शुरू हुए मैच में राहुल यादव ने शुरुआती गोल कर बुल्स को बढ़त दिलाई। गीले मैदान और सर्कल में भरे पानी के कारण दोनों टीमों को काफी परेशानी हुई। कई मौके बने, लेकिन पूरे 60 मिनट में राहुल का गोल ही निर्णायक साबित हुआ।
बुल्स के गोपाल पैकरा का एक गोल अमान्य करार दिया गया। वहीं, रॉयल्स पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही। हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच और राहुल यादव को स्ट्राइकर ऑफ द मैच चुना गया।
नाइट्स और टाइटन्स का मुकाबला ड्रॉ
दिन के दूसरे मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच मैच 1-1 से बराबरी पर छूटा। नाइट्स के केतन ने दूसरे क्वार्टर में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा।
चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने गोल कर मैनपाट टाइटन्स की वापसी कराई। केतन को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
न्यायधानी नाइट्स पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। वहीं, मैनपाट टाइटन्स के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ मुकाबले में सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने का मौका रहेगा।
