Chhattisgarh: Student absconded due to gambling addiction, found in Nagpur after 52 days
बिलासपुर. बिलासपुर से गायब हुआ बी फार्मा का छात्र आखिरकार 52 दिन बाद नागपुर में मिला, और कहानी सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। बिहार के गया का रहने वाला रोहित कुमार ऑनलाइन बेटिंग में पैसे हारने के बाद अचानक हॉस्टल छोड़कर भाग गया था।
6 मार्च को गायब हुए रोहित की तलाश में पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में साइबर सेल की मदद से लोकेशन नागपुर ट्रेस हुआ, जहां वह सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था।
सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि रोहित ने फर्जी आईडी बनाकर नया सिम लिया और वहीं से ऑनलाइन सट्टा खेलना जारी रखा। इसी ऑनलाइन गेम की ट्रैकिंग से पुलिस उस तक पहुंच पाई।
जांच में सामने आया कि छात्र के पास लाखों के लेन-देन का हिसाब था। कमरे से मिले रजिस्टर में करीब 40 लाख रुपये का रिकॉर्ड मिला, जबकि खाते में 7 लाख से ज्यादा का ट्रांजक्शन भी सामने आया है। अब पुलिस पूरे नेटवर्क और पैसों के स्रोत की जांच कर रही है।
