Chhattisgarh | Storm alert in Chhattisgarh! Important advice for farmers
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर से आने वाले दिनों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने 25 से 29 अक्टूबर तक के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। वहीं, किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय अधिकारियों और मैदानी अमले को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
इन जिलों में भारी बारिश की आशंका
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, बस्तर संभाग के बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 26 अक्टूबर को दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा सहित अन्य जिलों में भी बारिश की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।
किसानों को क्या करना चाहिए?
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को धान, दलहन और तिलहन की कटाई फिलहाल रोकने की सलाह दी है। कटी फसलों को सुरक्षित जगह रखें और खेतों में पानी निकालने की व्यवस्था करें।
सब्जी और फल उत्पादक किसान लता वाली फसलों, केले के पौधों और फलदार पेड़ों को सहारा दें। बारिश के दौरान कीटनाशकों का छिड़काव न करें। पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थानों पर रखें तथा चारे और साफ पानी की व्यवस्था करें।
रबी फसलों की बुवाई करने वाले किसानों को मौसम को देखते हुए नवंबर के पहले सप्ताह से बुवाई शुरू करने की सलाह दी गई है। किसानों से मौसम के अपडेट पर नजर रखने और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह मानने की अपील की गई है।
