Chhattisgarh | State level youth festival on December 4-5
बिलासपुर। बिलासपुर में दिसंबर की शुरुआत युवाओं के जोश और हुनर के नाम होने वाली है। 4 और 5 दिसंबर को बहतराई स्थित स्वर्गीय बीआर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के सभी 33 जिलों से करीब 3 हजार युवा हिस्सा लेंगे।
महोत्सव के उद्घाटन और समापन समारोह आउटडोर स्टेडियम में प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियों का खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने निरीक्षण कर अधिकारियों को 30 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, निबंध लेखन और पारंपरिक वेशभूषा जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या, लोकनृत्य और रॉक बैंड की प्रस्तुति भी आकर्षण रहेगी।
प्रतिभागियों के ठहरने के लिए शहर के हॉस्टल आरक्षित किए जाएंगे। भोजन, परिवहन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय आवागमन के लिए 6 बसें उपलब्ध कराने की तैयारी है।
आयोजन स्थल पर दर्शकों और प्रतिभागियों के लिए चौपाटी और झूलों की व्यवस्था भी की जाएगी। अब बिलासपुर में होने वाले इस महोत्सव में प्रदेशभर के युवा अपनी प्रतिभा से कितना रंग जमाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
