Chhattisgarh Police Ranking | 3 महीने में 26वें से 9वें नंबर पर पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस

Spread the love

Chhattisgarh Police Ranking | Chhattisgarh Police jumped from 26th to 9th in 3 months.

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ने डिजिटल जांच और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में बड़ी छलांग लगाई है। ई-साक्ष्य और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) के मामले में प्रदेश पुलिस महज 3 महीने में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंच गई है।

संविधान दिवस पर रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस और हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के संयुक्त आयोजन में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर समिट हुई। इसमें उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश को पूरी तरह डिजिटल न्याय व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाना है। बेहतर तकनीक, वैज्ञानिक विवेचना और पुलिस, अभियोजन व न्यायपालिका के बीच समन्वय से आपराधिक मामलों में दोषसिद्धि दर बढ़ाई जा सकती है।

समिट में बताया गया कि नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण के तहत अब तक 35 हजार से ज्यादा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। कार्यक्रम में करीब 300 अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि ऑनलाइन माध्यम से प्रदेशभर के लगभग 35 हजार पुलिसकर्मी जुड़े।

विजय शर्मा ने संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में विवेचना की गुणवत्ता, डिजिटल साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट और मामलों में प्रक्रियागत गलतियों को दूर करने पर चर्चा हुई।

अब पुलिस के सामने अगली चुनौती डिजिटल व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत कर जांच और न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *