Chhattisgarh PWD: Major changes will now be seen on the roads of Dhamtari, Rs 101 crore approved!
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। बरसात के बाद धमतरी जिले की सड़कों को लेकर बड़ा काम शुरू होने वाला है। लोक निर्माण विभाग ने जिले में 6 सड़क परियोजनाओं के लिए 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें सड़कों के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के साथ आमदी में फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का काम भी शामिल है।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद धमतरी संभाग के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर तत्काल काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिन प्रमुख सड़कों पर काम होना है, उनमें मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया NH-30 का 3.75 किमी हिस्सा शामिल है, जिसके लिए 14.45 करोड़ रुपए मंजूर हुए हैं। पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा मार्ग के 5 किमी के लिए 13.32 करोड़, छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर के 9 किमी के लिए 23.12 करोड़ और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा के 10 किमी हिस्से के लिए 19.42 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किमी हिस्से के मजबूतीकरण और डामरीकरण के लिए 11.70 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इसी मार्ग पर आमदी नगर पंचायत में 3.50 किमी फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण के लिए 19.26 करोड़ रुपए की निविदा स्वीकृत हुई है।
अरुण साव ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि काम विभागीय मापदंडों के मुताबिक हो और गुणवत्ता व समय-सीमा से कोई समझौता न हो। उन्होंने कार्यों को सबलेट नहीं करने, पावर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं करने और निर्धारित समय में काम पूरा कराने के निर्देश भी दिए हैं।
