Chhattisgarh: Acid attack on policeman’s daughter, 2 accused arrested.
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आमापारा इलाके में ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही छात्रा पर पीछे से आए युवक ने तेजाब फेंक दिया। हमले में उसका चेहरा, हाथ और आंख के आसपास का हिस्सा झुलस गया। प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।
छात्रा रोज की तरह ई-लाइब्रेरी से पढ़ाई कर पैदल घर लौट रही थी। आमापारा के पास सुनसान मोड़ पर पीछे से आए युवक ने अचानक उस पर तेजाब फेंक दिया। हमले के बाद छात्रा किसी तरह वहां से दौड़ी और राहगीरों से मदद मांगी। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बर्न यूनिट में उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने आमापारा और शहर के प्रवेश-निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और साइबर सेल समेत पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटीं। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में एकतरफा प्रेम का एंगल सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक का करण कुंजाम नाम के युवक से संपर्क था। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करण अपनी महिला मित्र के साथ बीजापुर से बालोद पहुंचा था, जहां दोनों ने प्रेम विवाह किया। इसके बाद आरोपी ने युवती को लेकर अपनी बात करण को बताई और मदद मांगी। मामले में पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता हवलदार (वाहन चालक) की बेटी है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसने समाजशास्त्र से एमए किया है। ASP चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि छात्रा का रायपुर में इलाज चल रहा है और उसके शरीर के दाहिने हिस्से, चेहरे तथा आंख के आसपास एसिड से झुलसने की जानकारी मिली है।
कोंडागांव पुलिस के इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक, दोनों आरोपियों को महिंद्रा बस से पकड़ा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
