Chhattisgarh | Ahead of the festival, Saw issued a major directive, keeping an eye on the roads.
अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सरगुजा और सूरजपुर जिले के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने साफ कहा कि काम सिर्फ स्वीकृत होना काफी नहीं है, बल्कि उसका लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना चाहिए।
सड़कों की मरम्मत में तेजी
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान साव ने बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत और गड्ढों की पैचिंग तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले सड़क और अधोसंरचना से जुड़े काम गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने को कहा, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
अक्टूबर में पूरा करना होगा PM आवास
नगरीय प्रशासन की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) को प्राथमिकता देते हुए सभी सीएमओ को अक्टूबर माह तक निर्माणाधीन आवास पूरे करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम तुरंत शुरू कराने, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और राजस्व संग्रहण की हर महीने समीक्षा करने को कहा।
पानी और खेल पर भी फोकस
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन और अन्य पेयजल योजनाओं की नियमित निगरानी, जलापूर्ति सुचारू रखने और लंबित काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्कूलों में खेल गतिविधियां बढ़ाने और सरगुजा ओलंपिक में ज्यादा से ज्यादा युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
साव ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता व समयबद्धता को प्राथमिकता दें।
