Chhattisgarh | Jokari gets a gift of Rs 29 crore!
जशपुर। दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने के दावे के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी ब्लॉक के जोकारी में 29.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में उन्होंने 5 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 6.55 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 22.77 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने काईकछार और बालाछापर में 4.45 करोड़ रुपये की लागत से बने दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण भी किया। इनके शुरू होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। काईकछार उपकेंद्र से 9 और बालाछापर उपकेंद्र से 10 गांवों को फायदा मिलेगा।
कार्यक्रम में सीएम साय ने कई घोषणाएं भी कीं। बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये का सामाजिक भवन बनाया जाएगा। जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन निर्माण की घोषणा हुई। इसके अलावा जोकारी में मिनी स्टेडियम और खेल मैदान भी बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।
सीएम साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर के गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल और दूसरी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि से ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार होगी।
