Chhattisgarh | छत्तीसगढ़ी में पढ़ाई से बच्चों को मिलेगा फायदा!

Spread the love

Chhattisgarh | Children will benefit from studying in Chhattisgarhi!

रायपुर। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के मौके पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्थानीय बोली-भाषा में शुरुआती शिक्षा को बच्चों के बेहतर विकास से जोड़ते हुए कहा कि इससे उनकी समझ, आत्मविश्वास और मौलिक प्रतिभा निखरती है। उन्होंने कहा कि मातृभाषा और स्थानीय भाषा हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, इन्हें आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।

रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में आयोजित समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। इस दौरान साहित्यकारों का सम्मान किया गया और 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन भी हुआ।

ओपी चौधरी ने अपने विद्यार्थी जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे गांव के सरकारी स्कूल में पढ़े। बचपन में उन्हें रटने के बजाय समझकर और अपने शब्दों में लिखने के लिए प्रेरित किया गया। शुरुआत में वे हिंदी और छत्तीसगढ़ी मिलाकर लिखते थे, बाद में हिंदी और अंग्रेजी में भी दक्षता हासिल की। उन्होंने कहा कि मौलिक लेखन और लगातार अभ्यास ने उन्हें सिविल सेवा परीक्षा के निबंध में देशभर में सर्वाधिक अंक दिलाने में मदद की।

वित्त मंत्री ने कहा कि बच्चों पर केवल अंकों का दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि, रचनात्मकता और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ी के साथ हिंदी और अंग्रेजी में भी दक्ष बनने तथा मातृभाषा का उपयोग गर्व से करने की अपील की।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने छत्तीसगढ़ी को संस्कृति, परंपरा और अस्मिता का हिस्सा बताते हुए इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *