Chhattisgarh: Over 90,000 tonnes of paddy purchased in a single day; 1.33 lakh farmers have sold paddy so far.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महाभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। 27 नवंबर तक प्रदेश में 5 लाख 34 हजार 798 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 1 लाख 33 हजार 404 किसान अपना धान बेच चुके हैं। वहीं, एक ही दिन में 90 हजार 910 मीट्रिक टन धान खरीदा गया।
इस खरीफ सीजन में प्रदेश के 28 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है।
किसानों के लिए इस बार एक और राहत का फैसला लिया गया है। अगर कोई किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे कृषि उन्नति योजना के तहत पूरे 21 क्विंटल के अंतर की राशि का लाभ मिलेगा। इससे खासकर छोटे किसानों को फायदा होने की उम्मीद है।
धान खरीदी के लिए प्रदेश में 360 नए केंद्र बनाए गए हैं। फिलहाल 2,634 केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। किसान टोकन तुंहर हाथ ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेकर खरीदी की तारीख तय कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को खरीदी केंद्रों में पेयजल, बैठने और प्राथमिक उपचार सहित जरूरी सुविधाएं बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार का दावा है कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और किसान हितैषी तरीके से संचालित की जा रही है।
