Chhattisgarh | Players will get Rs 3 lakh, know how to apply!
रायपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को यात्रा खर्च और खेल उपकरण खरीदने के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता देगी। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह सहायता ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी। योजना के तहत वास्तविक खर्च या अधिकतम तीन लाख रुपए, दोनों में से जो राशि कम होगी, उतनी सहायता स्वीकृत की जाएगी।
इसका लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना जरूरी है। एक खिलाड़ी को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार यह सहायता मिलेगी।
आवेदन के साथ चयन पत्र, प्रतियोगिता में भागीदारी का प्रमाण, यात्रा टिकट, खेल उपकरणों का प्रमाणित कोटेशन, मूल निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक या रद्द चेक की प्रति देनी होगी। प्रभारी मंत्री की अनुशंसा या अनुमोदन भी जरूरी है।
आवेदन की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप में दस्तावेजों के साथ संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग, खेल भवन, जीई रोड, रायपुर में आवेदन भेज सकते हैं।
आवेदन का प्रारूप और विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट www.sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है।
