Chhattisgarh | Recruitment for 38 posts of Special Educator, know the last date!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए मौका है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 से शुरू हो रही है। इच्छुक उम्मीदवार 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे।
भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन का प्रारूप विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के जरिए जमा कर सकते हैं।
आवेदन बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे। कार्यालयीन दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार होंगे। दूसरे किसी कार्यालय में जमा किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
इस भर्ती की खास बात यह है कि अभ्यर्थियों को अलग-अलग संभाग या जिले के लिए अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक ही आवेदन सभी संभागों और जिलों में विज्ञापित पदों के लिए मान्य होगा।
शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेरिट सूची और भर्ती से जुड़े आगे के अपडेट वेबसाइट पर ही जारी होंगे। इसलिए उम्मीदवार नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें।
