Chhattisgarh | Padmashree Pandiram Mandavi taught this special art to 12 youths!
रायपुर। बस्तर की पारंपरिक काष्ठ शिल्प कला को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पद्मश्री सम्मानित पंडीराम मंडावी ने अनोखी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आग्रह पर उन्होंने अबूझमाड़ के 12 अबूझमाड़िया युवाओं को लकड़ी पर कलाकृतियां बनाने का प्रशिक्षण दिया है।
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पंडीराम मंडावी भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने उनसे मुलाकात कर उनके कला के प्रति दशकों के समर्पण और पारंपरिक शिल्प को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की।
नारायणपुर निवासी मंडावी ने महज 15 साल की उम्र में लकड़ी पर आकृतियां उकेरना शुरू किया था। उनकी कलाकृतियों में जनजातीय जीवन, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई देती है।
मंडावी ने बताया कि अबूझमाड़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे स्थानीय युवाओं को काष्ठ शिल्प सिखाने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने करीब एक महीने तक 12 युवाओं को इस कला की बारीकियां सिखाईं।
दूरस्थ गांवों तक पहुंचना हुआ आसान
मंडावी ने बस्तर में सुविधाओं के विस्तार का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब दूरस्थ गांवों तक सड़क, अस्पताल, धान खरीदी और बस सेवा जैसी सुविधाएं पहले से ज्यादा सुलभ हुई हैं। पहले लंबी दूरी तय करने के लिए साइकिल ही सहारा होती थी, लेकिन अब बस सेवा से लोगों को राहत मिली है।
उनका कहना है कि सुविधाओं के साथ युवाओं को पारंपरिक कला से जोड़ना सांस्कृतिक पहचान बचाने की दिशा में जरूरी कदम है।
