Chhattisgarh | Special event in Raipur on Gandhi-Shastri Jayanti
रायपुर. गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर छत्तीसगढ़ में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए स्वच्छता, नशामुक्ति और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन परिसर में खुद साफ-सफाई की, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी।
रायपुर में राज्यपाल डेका ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत झाड़ू लगाकर कचरा एकत्र किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। लोक भवन के अधिकारी और कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए।
इसके बाद राज्यपाल नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ पदयात्रा में भी शामिल हुए। टाउन हॉल से शुरू हुई पदयात्रा अंबेडकर चौक तक पहुंची। इस दौरान महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई और डॉ. भीमराव अंबेडकर को भी नमन किया गया।
पदयात्रा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी समेत युवा, महिलाएं, विद्यार्थी और शहर के नागरिक शामिल हुए।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को याद करते हुए सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा को प्रेरणा का आधार बताया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
