Chhattisgarh Weather Alert | The weather will deteriorate again due to the sound of Murasu!
रायपुर। छत्तीसगढ़ में तूफान अर्नब के बाद अब चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का असर दिखने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान में बदल गया है और आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
9 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 से 4 नवंबर तक प्रदेश के अलग-अलग जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आज कांकेर और धमतरी समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट बताया गया है। वहीं 3 और 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
इस दौरान कुछ इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
आंध्र प्रदेश में भी दिखेगा असर
मुरासु के आंध्र प्रदेश तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। झोंकों में यह 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
किसानों की बढ़ी चिंता
तूफान अर्नब से हुए नुकसान के बाद किसान अभी संभल भी नहीं पाए हैं। ऐसे में दोबारा बारिश की आशंका ने चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल और कटाई के बाद रखे धान को नुकसान पहुंच सकता है। अब किसानों की नजर मौसम के अगले अपडेट पर है।
