Chhattisgarh: 981 elderly people who returned from Ayodhya were honored in a special way!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में श्री रामलला दर्शन और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यात्रा कर लौटे 981 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। पंजरी प्लांट स्थित संत प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने बुजुर्गों को श्रीरामचरित मानस की पुस्तिका, व्यास वेदी और शॉल भेंट की।
सम्मानित होने वालों में ग्रामीण क्षेत्र के 861 और शहरी क्षेत्र के 120 वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग, सेवा और मर्यादा की सीख देता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है, इसलिए प्रदेश से उनका गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव है।
चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजनाओं से बुजुर्गों की वर्षों पुरानी अयोध्या यात्रा की इच्छा पूरी हो रही है। अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच रायगढ़ के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अयोध्या ले जाया गया। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत भी एक यात्रा कराई गई।
इस मौके पर चौधरी ने एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने के अपने संकल्प को भी दोहराया। कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। तीर्थयात्रा से लौटे बुजुर्गों ने अपने अनुभव साझा कर सरकार का आभार जताया।
