Chhattisgarh | Raigarh student performs wonders across the country, receives huge honour!
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छात्र कृष्ण अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जिंदल पब्लिक स्कूल के छात्र कृष्ण को नई दिल्ली में आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता (NLEPC-2026) में तीसरा पुरस्कार मिला है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।
बच्चों को जलने से बचाएगा मॉडल
कृष्ण ने बच्चों की सुरक्षा के लिए ‘फ्लिप इलेक्ट्रिक आयरन’ मॉडल तैयार किया है। इसका मकसद घरों में इस्तेमाल होने वाली गर्म प्रेस से छोटे बच्चों को जलने की दुर्घटनाओं से बचाना है।
इस मॉडल में ऑटो-फ्लिप तकनीक दी गई है। प्रेस को छोड़ने पर उसका गर्म हिस्सा ऊपर की ओर हो जाता है। इसके अलावा, इसमें 30 सेकंड बाद अपने आप बंद होने और चाइल्ड लॉक जैसी सुरक्षा सुविधाएं भी हैं। कम लागत में तैयार इस मॉडल को घरेलू सुरक्षा के लिहाज से उपयोगी माना जा रहा है।
80 हजार विचारों में टॉप 62 में जगह
कृष्ण के प्रोजेक्ट ने बड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी जगह बनाई। छत्तीसगढ़ से सामने आए करीब 80 हजार नवाचार विचारों में उनके मॉडल का चयन शीर्ष 62 में हुआ। उनके प्रोजेक्ट को इंस्पायर मानक-2026 के संकलन में भी जगह मिली है।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कृष्ण को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कृष्ण की सफलता प्रदेश के दूसरे विद्यार्थियों को भी विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
