Chhattisgarh: Government takes a big step on Naxal issues, these cases will now be reviewed.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल मामलों की वापसी की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी है। उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर जिला स्तरीय समितियों की बैठकें कराने और 5 नवंबर तक राज्य स्तरीय समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
8 अक्टूबर को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने जिलों से मिले आवेदनों की प्रकरणवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराध, जनहानि और यूएपीए से जुड़े मामलों को छोड़कर अन्य पात्र मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जल्द पूरी की जाए।
पुनर्वासितों को मिलेंगी सुविधाएं
बैठक में दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ लौटे करीब 900 पुनर्वासितों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों को उनके लिए आजीविका प्रशिक्षण, मोबाइल फोन, प्रशिक्षण किट, पहचान पत्र, राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। भूमि, आवास, रोजगार और लंबित प्रोत्साहन राशि से जुड़े मामलों का निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
शहीदों की याद में बनेंगे स्मारक
नक्सल हिंसा में शहीद जवानों और जान गंवाने वाले नागरिकों की स्मृति में जनोपयोगी स्मारक बनाए जाएंगे। बड़े घटनास्थलों पर बलिदान की जानकारी प्रदर्शित करने और स्मारकों को यात्री प्रतीक्षालय जैसे सार्वजनिक उपयोग के केंद्रों से जोड़ने की योजना है। पंचायत भवन, स्कूल मैदान, सड़क और चौक-चौराहों का नामकरण भी शहीदों के नाम पर करने की कार्रवाई अगले महीने तक पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास कार्यों, पीड़ित परिवारों को सहायता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
