Nava Raipur Bus Fire | Panic due to fire in a moving bus full of employees
रायपुर। नवा रायपुर में बुधवार शाम बड़ा हादसा टल गया। महानदी भवन के पास कर्मचारियों से भरी चलती बस में अचानक आग लग गई। बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे और सभी ऑफिस से घर लौट रहे थे।
आग तेजी से बढ़ती देख बस में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने तुरंत बस से बाहर निकलना शुरू किया। कुछ लोगों ने बस से कूदकर भी अपनी जान बचाई। राहत की बात रही कि सभी कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने बस में लगी आग पर काबू पाया। हादसे के बाद एहतियातन सड़क के दोनों तरफ यातायात रोक दिया गया।
फिलहाल बस में आग लगने की वजह साफ नहीं है। राखी थाना क्षेत्र की घटना के बाद पुलिस और संबंधित टीम कारणों की जांच में जुटी है।
