केशकाल:- राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल नगर में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गिरीदीप स्कूल के पास सड़क किनारे भारी लोहे का सामान लेकर खड़ी एक ट्रेलर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। वहीं ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया, जिससे केशकाल नगर में लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि पिछले 48 घंटे से केशकाल घाटी एवं एनएच-30 पर लगातार रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी हुई है। भारी वाहनों की आवाजाही, सड़क पर खराब वाहनों के खड़े हो जाने तथा बढ़ते यातायात दबाव के कारण बार-बार यातायात प्रभावित हो रहा है। लगातार बन रही यह स्थिति अब पुलिस और प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती बन चुकी है, जिन्हें यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार मशक्कत करनी पड़ रही है।
सूचना मिलते ही केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम स्वयं अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम फिलहाल यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन बहाल कराने में जुट गई। पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य होने लगा। लगातार हो रहे सड़क हादसों और जाम की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
